चम्पावत : जिलाधिकारी मनीष कुमार सख्त, शहर की व्यवस्थाओं का किया औचक निरीक्षण
सड़क, पार्किंग, पेयजल और सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चम्पावत। जनपद में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को जिला चिकित्सालय से रोडवेज स्टेशन तक राष्ट्रीय राजमार्ग, निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों, पेयजल पाइपलाइन, नालियों, सिटी सेंटर तथा सफाई व्यवस्था का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर नाराजगी जताई और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों को तत्काल भरने, ब्लैकटॉप कराने तथा सड़क किनारे प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सड़क पर बहते पानी से सड़कें लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं, इसलिए इसका स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन से हो रहा रिसाव न केवल पेयजल की बर्बादी कर रहा है, बल्कि सड़कों को भी नुकसान पहुंचा रहा है।




निर्माणाधीन पार्किंग कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को कार्य में तेजी लाने तथा ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) को जिला चिकित्सालय परिसर में बन रही पार्किंग निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका को नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई, सड़क किनारे पड़े मलबे एवं कंक्रीट को हटाने तथा अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का भी निरीक्षण किया। रेट लिस्ट और अन्य व्यवस्थाओं की जांच करते हुए संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान के आसपास किसी भी व्यक्ति को शराब का सेवन न करने दिया जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने रोडवेज के लिए प्रस्तावित सिटी सेंटर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रखें।
निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता सीएनडीएस गिरीश पंत, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सुनील दत्ताल, जल संस्थान के अधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

