चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत के अमोड़ी में शुरू हुई स्वास्थ्य सेवाएं, पहले ही दिन 20 मरीजों का हुआ उपचार

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन को मिली नई मजबूती, स्थानीय लोगों को घर के पास मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों को एक और बड़ी सौगात मिली है। शनिवार से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) अमोड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं का विधिवत संचालन शुरू हो गया। उप जिलाधिकारी चम्पावत विपिन चंद्र पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान तथा जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया।

Ad Ad

गौरतलब है कि इस नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण 29 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया था। अब अस्पताल में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं भी शुरू कर दी गई हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल में चिकित्सक और फार्मेसी अधिकारी की तैनाती कर दी गई है। अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, पर्याप्त जीवनरक्षक एवं आवश्यक दवाइयों से सुसज्जित किया गया है। साथ ही यहां 4 बेड की व्यवस्था भी की गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा सके।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के पहले ही दिन ओपीडी में 20 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, जबकि एक मरीज को भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थानीय लोगों ने वर्षों से प्रतीक्षित इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि अब छोटी-मोटी बीमारियों और प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें दूरस्थ अस्पतालों या मैदानी क्षेत्रों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी। इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुंदर बोहरा, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा अमोड़ी एवं आसपास के दूरस्थ गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।