चम्पावत : शिक्षाविद डॉ. भुवन चंद्र जोशी को हल्द्वानी में ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान’ से किया गया सम्मानित, मुख्यमंत्री धामी ने सराहा उनका जज्बा
चम्पावत। चम्पावत जिले के गौरव और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सुप्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. भुवन चंद्र जोशी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान’ से नवाजा गया है। हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी ऑडिटोरियम में 30 अप्रैल को आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया
अभिनंदन सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. जोशी को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा और समाज के प्रति डॉ. जोशी के समर्पण और उनके कार्य करने के जज्बे की जमकर सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम प्रदेश के उन वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित था जिन्होंने समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. भुवन चंद्र जोशी के साथ-साथ उत्तराखंड के अन्य सभी जिलों से भी एक-एक वरिष्ठ नागरिक को उनके विशिष्ट योगदान के लिए इस सम्मान से सम्मानित किया गया। राज्य सरकार ने इस पहल के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और समाज के प्रति उनके योगदान को मान्यता देने का प्रयास किया है। समारोह का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के सम्मान को बढ़ावा देना और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को सार्वजनिक रूप से सराहनीय बनाना है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए डॉ. भुवन चंद जोशी ने कहा कि “मैने अपने जीवन के 40 साल राजकीय सेवा में दिए, लेकिन आत्मिक संतोष मुझे सेवानिवृत्ति के बाद समाज की सेवा करके मिला। निर्विवाद रूप से समाज के मुद्दों के साथ खड़ा रहना ही मेरा उद्देश्य रहा है। आज इस सम्मान को पाकर मुझे अत्यंत गर्व और हर्ष की अनुभूति हो रही है।”
वहीं डॉ. जोशी को यह सम्मान मिलने पर चम्पावत के प्रबुद्धजनों ने खुशी जताई है। उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. तिलकराज जोशी, डॉ. कीर्ति बल्लभ सक्टा, महेंद्र सिंह बोहरा, इंद्र सिंह बोहरा, पूर्व डीजीसी अमरनाथ वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट शंकर पांडेय, राजेंद्र गहतोड़ी, प्रकाश जोशी शूल, दिनेश पांडेय सहित तमाम लोगों ने बधाई दी है। कहा कि डॉ. जोशी इस सम्मान के सच्चे हकदार थे और उनके मार्गदर्शन से चम्पावत जिला विकास पथ पर आगे बढ़ेगा।
मालूम हो कि डॉ. भुवन चंद जोशी ने राजकीय सेवा में 4 दशक समर्पित किए। प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने विश्राम करने के बजाय समाज की सेवा को लक्ष्य बनाया। बीते 14 वर्षों से वे लगातार चम्पावत में शिक्षा का प्रसार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सुरक्षा और बाल कल्याण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं। समाज को एकजुट करने और सामाजिक कल्याण की दिशा में उनके समर्पण को देखते हुए सरकार ने उन्हें इस सम्मान के लिए चुना।

