उत्तराखंड में बड़ा हादसा, आग बुझाने गए फॉरेस्ट गार्ड की खाई में गिरकर मौत हुई
सोहन सिंह रावत अपनी टीम के साथ बुधवार को आग बुझाने ठडूग बीट के जंगलों में पहुंचे थे
उत्तरकाशी। टौंस वन प्रभाग के पुरोला में तैनात एक फॉरेस्ट गार्ड की जंगल की आग बुझाने के दौरान पहाड़ी से गिरकर जिंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताते चलें प्रदेश में यह इस तरह का कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई सारे ऐसे हादसे घटित हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी जिले के मंजियाली निवासी सोहन सिंह रावत बीते बुधवार को आग बुझाने ठडूग बीट के जंगलो में अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। आग बुझाने के बाद अन्य सभी कर्मचारी अपने-अपने घर पहुंच गए थे, लेकिन सोहन सिंह रावत अपने घर नहीं पहुंचे। देर रात तक उनके घर न पहुंचने पर वन विभाग की टीम ने खोजबीन शुरू की तो सोहन सिंह का शव जंगल क्षेत्र में पड़ा मिला। जानकारी के मुताबिक आग बुझाने के दौरान सोहन सिंह पहाड़ी से गिर गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सोहन सिंह टौंस वन प्रभाग पुरोला के ठडूग बीट में तैनात थे। जिनकी मौत के बाद से उनके परिजनों को गहरा धक्का लगा है। बहरहाल पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। सोहन की मौत की खबर सुनते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि वह अपने काम के प्रति बेहद समर्पित थे और जंगल की आग को रोकने के अभियानों में हमेशा सक्रिय रहते थे। सोहन सिंह का इस तरह से दुनिया को छोड़ जाना अत्यंत दुखद है।

