UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को लेकर चम्पावत पुलिस अलर्ट, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण आयोजन के लिए किए व्यापक इंतजाम
चम्पावत। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा कल, रविवार 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चम्पावत पुलिस ने कमर कस ली है। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आज 13 जून को पुलिस लाइन चम्पावत में परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त नोडल व सेक्टर अधिकारियों तथा पुलिस बल की ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनपद मुख्यालय एवं आसपास के परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता हर हाल में बनी रहे।


जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर चम्पावत और लोहाघाट क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ अभिसूचना इकाइयों और एसओजी टीमों को भी तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग के लिए डीएफएमडी और मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर धारा 163 बीएनएसएस लागू कर दी गई है। इसके अलावा होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट और होमस्टे आदि स्थानों पर भी पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है।
मौसम विभाग द्वारा जारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए सभी संबंधित इकाइयों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चम्पावत पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चम्पावत पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने, अनुचित साधनों का प्रयोग करने अथवा परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध प्रचलित नियमों एवं विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

