बीस सूत्रीय कार्यक्रम में चम्पावत फिर प्रदेश में अव्वल, 91.67 प्रतिशत अंक के साथ हासिल किया पहला स्थान
चम्पावत। विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के मामले में चम्पावत जिले ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी अग्रणी स्थिति कायम रखी है। केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी बीस सूत्रीय कार्यक्रम की जुलाई 2026 की मासिक रैंकिंग में चम्पावत ने 91.67 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और जिलाधिकारी मनीष कुमार की नियमित समीक्षा एवं प्रशासनिक प्रबंधन के बीच जिले ने विकासपरक योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन किया है।
39 में से 35 मदों में A श्रेणी
शासकीय आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के जुलाई माह की प्रगति रिपोर्ट में चम्पावत ने निर्धारित 39 मदों में से 35 मदों में सर्वोत्कृष्ट ‘A’ श्रेणी हासिल की है। वहीं दो मदों में ‘B’ श्रेणी दर्ज की गई है, जबकि ‘C’ श्रेणी में कोई मद नहीं है। दो मदों में ‘D’ श्रेणी मिली है। कुल 120 अंकों में से 110 अंक हासिल करते हुए जिले ने 91.67 प्रतिशत का स्कोर प्राप्त किया और प्रदेश की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर रहा। रैंकिंग में पिथौरागढ़ 88.03 प्रतिशत के साथ दूसरे और नैनीताल 85.37 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दी बधाई
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का उद्देश्य जनकल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी निष्ठा, प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ विकास कार्यों की गति जारी रखी जाए। बीस सूत्रीय कार्यक्रम की जुलाई रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना चम्पावत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि विभिन्न विकास योजनाओं की निरंतर निगरानी और विभागीय समन्वय के जरिए जिले को विकास के विभिन्न मानकों पर अग्रणी बनाए रखने के प्रयास जारी रहेंगे।

