चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : मैरोली-कैरोली मोटर मार्ग पर बनेगा 30 मीटर स्पान सेतु, 2.37 करोड़ की मिली मंजूरी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में मैरोली-कैरोली मोटर मार्ग के किमी 2.00 पर रतिया नदी में 30 मीटर स्पान सेतु के निर्माण को उत्तराखंड शासन ने 237.96 लाख रुपये (करीब 2.38 करोड़) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

सेतु निर्माण की स्वीकृति मिलने से लंबे समय से क्षेत्र की कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्या के समाधान का रास्ता साफ हो गया है। खासकर बरसात के दौरान रतिया नदी में पानी बढ़ने से प्रभावित होने वाले आवागमन को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रस्तावित पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही वर्षाकाल में नदी के कारण प्रभावित होने वाली सड़क कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्वीकृति के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने और निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को मिलेगा लाभ

शासन से स्वीकृत धनराशि का उपयोग मैरोली-कैरोली मोटर मार्ग पर रतिया नदी में 30 मीटर लंबे सेतु के निर्माण में किया जाएगा। पुल बनने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और अन्य नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है। बरसात के दौरान नदी के कारण आवाजाही प्रभावित होने की समस्या भी काफी हद तक कम हो सकेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों और अन्य आवश्यक सेवाओं से बेहतर संपर्क मिल सकेगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिले में सड़क और पुलों से जुड़ी आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा कर आमजन को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।