क्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून में युवक के साथ हैवानियत! करंट लगाया, गर्म रॉड से दागने का आरोप, दो पर मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित रूप से बर्बरता का मामला सामने आया है। युवक ने आरोप लगाया है कि पहले उसे स्कूटी से टक्कर मारी गई, फिर बंधक बनाकर करंट लगाया गया, गर्म लोहे की रॉड से दागा गया और गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जाखन निवासी युवक ने कोतवाली पटेलनगर में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 3 जुलाई की शाम करीब 8 बजे वह लालपुल के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी चला रहे अंकुर वाल्मीकि ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद अंकुर और उसके साथी साहिल ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा दांतों से काटने का भी आरोप है।

Ad Ad

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपी उसे जबरन निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित एक दुकान में ले गए, जहां पूरी रात बंधक बनाकर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। युवक का कहना है कि आरोपियों ने उसे बिजली का करंट लगाया, गर्म लोहे की रॉड से दागा और शारीरिक रूप से गंभीर नुकसान पहुंचाया। उसके हाथ, पैर, आंखों और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान बताए गए हैं। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

युवक के अनुसार, आरोपी उसे सुबह करीब तीन बजे तक बंधक बनाए रहे। किसी तरह वह उनके चंगुल से भाग निकला और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। कोतवाली पटेलनगर प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।