चंपावतटनकपुरनवीनतमस्वास्थ

मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी दो बड़ी सौगातें, टनकपुर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का शुभारंभ, डांडा ककनई में समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम शुरू

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन से वर्चुअल माध्यम से जनपद चम्पावत को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में नवीन स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन किया तथा डांडा ककनई में नेस्ले इंडिया और बीएआईएफ (BAIF) के सहयोग से संचालित उत्तराखंड CSR-2026 समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम (HVDP) का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उद्योग जगत से उत्तराखंड के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने CSR संसाधनों का अधिकतम उपयोग राज्य के समग्र विकास के लिए करने का आह्वान किया।

Ad Ad

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक और पर्वतीय परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं, इसलिए यहां का विकास रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम विकास को समान प्राथमिकता देते हुए किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की पारदर्शी नीतियों और कॉर्पोरेट क्षेत्र के सहयोग से उत्तराखंड सतत एवं समावेशी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा।

वर्चुअल उद्घाटन के दौरान टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में दो अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों और एक नई ईसीजी मशीन का शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज, डांडा ककनई से समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम (HVDP) का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रवासियों से वर्चुअल संवाद भी किया। इस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत” केवल एक अभियान नहीं बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से जिले के सर्वांगीण विकास का संकल्प है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक विकास योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और चम्पावत को सुशासन, नवाचार तथा जनकल्याण का आदर्श जनपद बनाया जाए।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी के.एस. बृजवाल, तहसीलदार टनकपुर पिंकी आर्य, सीएमएस टनकपुर डॉ. घनश्याम तिवारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।