लगातार बारिश के बीच पाटी पुलिस की सतर्कता, उफनते गधेरे पर रोकी आवाजाही, सुरक्षित निकाले लोग
चम्पावत। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच पाटी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संभावित हादसे को टाल दिया। 9 जुलाई 2026 को देवीधुरा–कनबाड़ा–बैड़ मोटर मार्ग पर जमनपौड़ स्थित गधेरा अचानक तेज बहाव के साथ उफान पर आ गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना पाटी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। पुलिस ने राहगीरों और वाहन चालकों को उफनते गधेरे को पार करने से रोकते हुए सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी। साथ ही लोगों से पानी का बहाव कम होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की।
पुलिस टीम पूरे समय घटनास्थल पर तैनात रही और जलस्तर पर लगातार नजर रखी। जब गधेरे का बहाव सामान्य हुआ, तभी लोगों और वाहनों को सुरक्षित तरीके से आगे जाने की अनुमति दी गई।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि लगातार वर्षा के दौरान उफनते नालों, गधेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें।
चम्पावत पुलिस ने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस हर परिस्थिति में आमजन की सहायता के लिए तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।

