बनबसा में शोकाकुल परिवारों से मिले मुख्यमंत्री धामी, जताई गहरी संवेदनाएं
बनबसा। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान बनबसा क्षेत्र में विभिन्न शोकाकुल परिवारों से भेंट कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री देशीफार्म, बनबसा निवासी बलवीर कश्यप के आवास पहुंचे और उनकी माता स्वर्गीय प्रेमा देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। 72 वर्षीय प्रेमा देवी का सर्पदंश के कारण निधन हो गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वन विभाग की ओर से सर्पदंश पीड़ित के आश्रितों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता योजना के तहत तीन लाख रुपये की सहायता राशि का चेक परिजनों को सौंपा।


इसके बाद मुख्यमंत्री चन्दफार्म निवासी दिनेश चन्द्र जोशी के आवास पहुंचे और उनके पुत्र स्वर्गीय नितिन जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। 35 वर्षीय नितिन जोशी के निधन पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने चन्दफार्म, बनबसा निवासी हरीश चन्द के आवास पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय देवेन्द्र चन्द के निधन पर भी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।



