संस्कृति, सौहार्द और उमंग का संगम बना चम्पावत पुलिस का हरियाली तीज महोत्सव
चम्पावत। पुलिस लाइन चम्पावत में 20 अगस्त 2026 को पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के साथ हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव (IPS) एवं क्षेत्राधिकारी टनकपुर श्रीमती निहारिका सेमवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार के बीच आपसी सौहार्द, उत्साह और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत कुमाऊंनी रीति-रिवाज और पारंपरिक अंदाज में किया गया। मुख्य अतिथि सिविल जज सीनियर डिविजन चम्पावत रश्मि गोयल, उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, जिला अभियोजन अधिकारी चम्पावत तनुजा वर्मा, IB चम्पावत की सोनिका सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
हरियाली तीज के अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं ने एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, रैम्प वॉक और क्वीज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर कार्यक्रम में तीज के रंगों को जीवंत कर दिया।

शोभा जोशी बनीं ‘तीज क्वीन’
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही। निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शोभा जोशी को ‘तीज क्वीन’ चुना। उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में पूनम गर्ब्याल ने प्रथम, नीतू ने द्वितीय और दलजीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्वीज प्रतियोगिता में सुनीता भट्ट प्रथम, साबिया अंसारी द्वितीय और सुनीता यादव तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, रैम्प वॉक प्रतियोगिता में भावना गहतोड़ी ने प्रथम, शकुन्तला ने द्वितीय और पूजा गोस्वामी ने तृतीय स्थान हासिल किया।



सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा उपहार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में शामिल विशिष्ट अतिथियों को भी स्मृति स्वरूप उपहार भेंट किए गए। चम्पावत पुलिस परिवार द्वारा आयोजित हरियाली तीज महोत्सव ने लोक संस्कृति, परंपरा, आपसी सौहार्द और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के साथ चम्पावत पुलिस की महिला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

