चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

सीएम धामी ने चम्पावत को दी 62.96 करोड़ की सौगात, 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

ख़बर शेयर करें -

रक्षाबंधन पर ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ में जिले को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात, 20 योजनाएं जनता को समर्पित और 30 की रखी आधारशिला

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान रक्षाबंधन के अवसर पर जिले को 62.96 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ कार्यक्रम में कुल 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 11.07 करोड़ रुपये की लागत वाली 20 योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया, जबकि 51.89 करोड़ रुपये की 30 नई योजनाओं की आधारशिला रखी। कुल 62.96 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, खेल, ऊर्जा और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दुर्गम और सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं ‘आदर्श चंपावत’ के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।

11.07 करोड़ की 20 योजनाएं जनता को समर्पित

लोकार्पित योजनाओं में लोक निर्माण विभाग की धूनाघाट-बासौट मोटर मार्ग नव निर्माण स्टेज-1 तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा बनबसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, देवीधुरा, रीठा साहिब और पाटी में हेलीपैड, जीआईसी किमतोली में अतिरिक्त कक्षा कक्ष, केजीबीवी टनकपुर में कंप्यूटर कक्ष तथा जीआईसी पाटी और जीजीआईसी चम्पावत में विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण शामिल है।

चम्पावत, बाराकोट, पाटी और लोहाघाट में संग्रहण केंद्र, सेलाकुई के सेटेलाइट सेंटर खतेड़ा में अस्थायी कार्यालय एवं स्टोर तथा चंपावत में वूमेन टेक्नोलॉजी पार्क की लैब भी लोकार्पित की गई। पर्यटन क्षेत्र में सिद्ध नरसिंह मंदिर वास्तुकला सौंदर्यीकरण, तामली में दशहरा महोत्सव मेला स्थल सौंदर्यीकरण और दुबचौड़ा में रामलीला मंच निर्माण कार्य शामिल हैं। वहीं देवीधुरा में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी के प्रशासनिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

51.89 करोड़ की 30 योजनाओं की रखी आधारशिला

शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में विभिन्न मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के कार्य शामिल हैं। इनमें इजरखंदक-चौड़ाख्याली, नरसिंहडांडा-मैरोली, मंच-कारी और चम्पावत-खेतीखान मोटर मार्ग से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। गोरखा नगर में अंबेडकर भवन, जेएनवी लटोली में क्रीड़ा मैदान एवं व्यायामशाला, तामली-रूपालीगाड़ मोटर मार्ग तथा विभिन्न गांवों में आंतरिक मार्गों के निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य भी प्रस्तावित हैं। महिला सशक्तीकरण और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के लिए चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना की जाएगी। टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 20 किलोमीटर आंतरिक मार्ग निर्माण का कार्य भी शामिल है।

पूर्णागिरि मार्ग पर 5 करोड़ की स्ट्रीट लाइट

ऊर्जा विभाग के तहत ककराली गेट टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स और संपर्क मार्ग निर्माण, बनबसा में मिनी स्टेडियम/खेल मैदान तथा विभिन्न स्थानों पर नलकूप निर्माण की योजनाएं भी शामिल हैं।

पुलिस आवास से लेकर डीएम कैंप कार्यालय तक निर्माण

पाटी थाने में छह टाइप-2 और एक टाइप-3 आवास, पंचेश्वर कोतवाली में छह टाइप-2 आवास एवं चारदीवारी और रीठा साहिब थाने में छह टाइप-2 तथा एक टाइप-3 आवास का निर्माण कराया जाएगा। टनकपुर स्थित तहसील पूर्णागिरि में डीएम कैंप कार्यालय एवं आवास के निर्माण की योजना भी शिलान्यास सूची में शामिल है।

पर्यटन और खेल सुविधाओं को भी मिलेगा बढ़ावा

चम्पावत में एडवेंचर पार्क के निर्माण के साथ डाडा ककनई क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पैराग्लाइडिंग क्षेत्र को विकसित कर पर्यटक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बनबसा में मिनी स्टेडियम/खेल मैदान के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को भी बेहतर खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य चंपावत सहित प्रदेश के दुर्गम और सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विकास की गति को तेज करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से चम्पावत के सर्वांगीण विकास को नई रफ्तार मिलेगी।