उत्तराखण्डखेलदेहरादूननवीनतम

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर तैयारियां तेज, 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

ख़बर शेयर करें -

1 सितंबर से पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू होगी प्रतियोगिता, हर ब्लॉक से कम से कम 2 हजार खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य

देहरादून। प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 1 सितंबर से पूरे उत्तराखंड में एक साथ शुरू होने जा रहा है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Ad Ad

खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर ब्लॉक से कम से कम 2 हजार खिलाड़ियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जिला योजना से बजट बढ़ाने के प्रयास करने को कहा, ताकि खिलाड़ियों के रहने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहे।

पिछले साल से काफी ज्यादा पंजीकरण

खेल मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर खिलाड़ियों में इस वर्ष खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले वर्ष जहां करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, वहीं इस वर्ष अब तक 2.35 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। ऐसे में अंतिम तिथि तक पंजीकरण कराने वाले खिलाड़ियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

इन आयु वर्गों में होंगे मुकाबले

इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष और 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा महिला ओपन वर्ग और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर प्रतिभावान खिलाड़ी को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। खेलों के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतियोगिता को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी जिलों में प्रतियोगिताओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने और खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक दीप्ती सिंह, खेल अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश मंमगाई, शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।