चम्पावत में बनेगा आधुनिक ऑल वेदर स्विमिंग पूल, 9.52 करोड़ की लागत से विकसित होंगी खेल सुविधाएं
चम्पावत। जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में चम्पावत में करीब 9.52 करोड़ रुपये की लागत से ऑल वेदर स्विमिंग पूल के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। परियोजना की टेंडर प्रक्रिया भी गतिमान है। पूल्ड आवास के पास स्थित गेस्ट हाउस के समीप प्रस्तावित इस आधुनिक स्विमिंग पूल से बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों को वर्षभर तैराकी प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी। इससे स्थानीय तैराकों को प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होने की उम्मीद है।
स्विमिंग पूल के साथ मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं
परियोजना की कुल लागत 951.91 लाख रुपये है। इसके तहत स्विमिंग पूल के अलावा शूटिंग रेंज, चेंजिंग रूम और लॉन टेनिस कोर्ट जैसी खेल सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। इन सुविधाओं के निर्माण से चम्पावत में खेलों के लिए आधुनिक आधारभूत ढांचा तैयार होगा।
परियोजना प्रबंधक निर्माण इकाई खेल रवीन्द्र कुमार ने बताया कि ऑल वेदर स्विमिंग पूल बनने से बच्चों और युवाओं को नियमित प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।
युवाओं को मिलेगा प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने परियोजना की स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया के आगे बढ़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि चम्पावत में विभिन्न खेल विधाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ विजन के अनुरूप जनपद में खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऑल वेदर स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट जैसी सुविधाओं के विकसित होने से चम्पावत में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

