मायापुर टनल हादसे के बाद घटनास्थल पहुंचे सीएम धामी, रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा
टनल में जाकर बचाव कार्यों की समीक्षा, फंसे तीन श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी संसाधनों के इस्तेमाल के निर्देश; जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
गोपेश्वर/मायापुर। पीपलकोटी के मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार से घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री धामी ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया और रेस्क्यू अभियान में जुटी विभिन्न टीमों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने टनल में फंसे शेष तीन श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि हादसे में अब तक सात लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है, जबकि तीन लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन श्रमिकों का हालचाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज, मृतकों के परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।


इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हरक सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसडीएम राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं रेस्क्यू कर्मी मौजूद रहे।

