सीएम धामी की बड़ी सौगात: ₹125.96 लाख की योजना से बेलखेत में मिल रही आपदा सुरक्षा की मजबूती
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा एवं सतत विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में जनपद चम्पावत की तहसील पूर्णागिरि, टनकपुर अंतर्गत ग्राम बेलखेत को क्वैराला नदी से उत्पन्न बाढ़ एवं भू-कटाव के खतरे से सुरक्षित करने हेतु ₹125.96 लाख की महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा योजना स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों के अनुपालन में सिंचाई विभाग द्वारा बेलखेत क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। योजना का उद्देश्य क्षेत्र में निवासरत ग्रामीणों के आवासों, कृषि भूमि एवं जनजीवन को नदी कटाव और बाढ़ से सुरक्षित करना है। सहायक अभियंता सिंचाई मनोज तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में मानसून के दौरान क्वैराला नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने तथा पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण नदी का प्रवाह प्रभावित हुआ। इसके परिणामस्वरूप नदी का रुख आबादी की ओर मुड़ गया, जिससे बेलखेत क्षेत्र में खतरा बढ़ गया था।

विशेष रूप से जुलाई 2024 में हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने जैसी घटनाओं के बाद स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभावी सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत इस वृहद बाढ़ सुरक्षा योजना के तहत क्वैराला नदी के किनारे लगभग 225 मीटर लंबी, 3 मीटर चौड़ी तथा 6 मीटर ऊंची जी.आई. वायर क्रेट संरचना का निर्माण किया जाएगा। यह संरचना तकनीकी मानकों एवं ग्रेविटी रिटेनिंग वॉल के स्थिरता विश्लेषण के आधार पर विकसित की जाएगी, जिससे नदी के तीव्र बहाव एवं कटाव को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत बेलखेत क्षेत्र में नदी कटाव से होने वाले नुकसान में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा ग्रामीणों के घरों एवं उपजाऊ कृषि भूमि को दीर्घकालिक सुरक्षा प्राप्त होगी। साथ ही क्षेत्र में आपदा जोखिम कम होने से स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी और विकास कार्यों को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।

