चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : मडुआ के खेत में हंसिया लेकर उतरे डीएम, कृषक महिलाओं के साथ की फसल कटाई

ख़बर शेयर करें -

शक्तिपुर बूंगा में क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण, उत्पादन के सटीक आकलन के दिए निर्देश; किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार बुधवार को विकासखंड चम्पावत के ग्राम शक्तिपुर बूंगा में मडुआ के खेत में हंसिया लेकर कृषक महिलाओं के साथ फसल काटते नजर आए। डीएम ने गांव में खरीफ सीजन की मडुआ फसल के क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया और किसानों से खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं व सुविधाओं की जानकारी ली।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने किसान आनंद सिंह के खेत में कृषक महिलाओं के साथ मडुआ की कटाई में हिस्सा लिया। इसके बाद राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग की टीम ने निर्धारित मानकों के तहत 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में क्रॉप कटिंग की। फसल की मड़ाई और तौल के बाद प्राप्त उपज के आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादकता का आकलन किया गया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग के आंकड़े पूरी शुद्धता और पारदर्शिता के साथ तैयार किए जाएं। उन्होंने क्रॉप कटिंग से संबंधित आंकड़ों, फोटो और वीडियो को मौके पर ही CCE एग्री ऐप (GCES Agri App) पर ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग समयबद्ध तरीके से और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं, ताकि जिले में फसल उत्पादन के वास्तविक आंकड़े प्राप्त हो सकें।

किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की अपील

इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय किसानों से संवाद करते हुए किसान पंजीकरण और डिजिटल रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने किसानों से तैयार धान को सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ लेने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराने को कहा।

डीएम ने बताया कि प्राकृतिक आपदा अथवा मौसम के कारण फसल को नुकसान होने की स्थिति में क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े फसल उत्पादन और क्षति के आकलन के साथ-साथ फसल बीमा दावों के निस्तारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बीसी पंत, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, भू-संरक्षण अधिकारी नारायण सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, ग्राम प्रधान सहित स्थानीय किसान और कृषक महिलाएं मौजूद रहीं।