चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत पेयजल परियोजना का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, कार्यों में गुणवत्ता एवं जनसुविधा बनाए रखने के दिए निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। नगर क्षेत्र में संचालित पेयजल परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मल्ली मादली एवं बालेश्वर वार्ड का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक से परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल परियोजना के निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थलों पर भूमिगत पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, वहां कार्य पूर्ण होते ही तत्काल सड़क एवं मार्गों का सुधारीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मल्ली मादली क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चम्पावत एवं परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक ह्यूम पाइप डालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा नालियों से जल निकासी सुचारु रूप से बनी रहे, इसके लिए त्वरित कार्यवाही की जाए।

Ad Ad

परियोजना प्रबंधक ने अवगत कराया कि परियोजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र में 17 टैंकों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की कार्ययोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसमें 13 पुराने टैंकों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जबकि 4 नए जलाशयों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्किट हाउस में 900 केएल तथा पूल्ड आवास एवं ज़ूप क्षेत्र में 450 केएल क्षमता के टैंकों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि हिंगला देवी क्षेत्र में 1100 केएल क्षमता के नए टैंक का निर्माण प्रस्तावित है।

इसके अतिरिक्त कुल 110 किलोमीटर पाइपलाइन में से लगभग 75 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक घर को मीटरिंग सहित पेयजल संयोजन उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना की निर्धारित पूर्णता अवधि सितंबर 2027 है, जबकि परियोजना प्रबंधक ने दिसंबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित होने की जानकारी दी। वर्तमान में लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए अंकित आर्य, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, सहायक अभियंता यूयूएसडीए टी.सी. पंत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Ad Ad