चम्पावत : हनुमान मंदिर में महिला कीर्तन मंडली को जिलाधिकारी ने भेंट की मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन किट
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में ‘नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त देवभूमि’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने हेतु जिला प्रशासन लगातार अभिनव पहल के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल – कला, परंपरा और पहचान कार्यक्रम के अंतर्गत हनुमान मंदिर चम्पावत में महिला भजन मंडली को संस्कृति संवर्धन किट भेंट की।

यह पहल केवल सांस्कृतिक संरक्षण तक सीमित न होकर समाज में सकारात्मक चेतना जागृत करने और युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बन रही है। कार्यक्रम के माध्यम से लोक संस्कृति, भजन-कीर्तन, पारंपरिक कला एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए जनजागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। इस अवसर पर महिला भजन मंडली की महिलाओं ने संस्कृति संवर्धन किट में उपलब्ध वाद्य यंत्रों के साथ भजन-कीर्तन किए तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से लोक संस्कृति को नई ऊर्जा मिल रही है और महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है।


इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बालेश्वर मंदिर एवं हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की। उन्होंने बालेश्वर मंदिर में संचालित विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा भी लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल’ के अंतर्गत धार्मिक एवं सामुदायिक संस्थाओं को संस्कृति संवर्धन किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन किटों में पुस्तकें, वाद्य यंत्र एवं जनजागरूकता सामग्री सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से संस्कारवान, जागरूक एवं नशा मुक्त चम्पावत का निर्माण करना है। इसके लिए निरंतर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जनसंवाद, जनजागरूकता अभियानों तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बालेश्वर मंदिर के महंत श्री पवन गिरी, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, विनीता फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

