उत्तराखण्डनवीनतम

यूपी मंत्री के बेटे को रौब झाड़ना पड़ा भारी उत्तराखंड में विधायक की गाड़ी का चालान

ख़बर शेयर करें -

चारधाम यात्रा में हूटर बजाकर दौड़ी ‘विधायक’ लिखी स्कॉर्पियो, पुलिस ने बीच बाजार रोकी गाड़ी

चारधाम यात्रा मार्ग पर नियमों की अनदेखी कर रौब झाड़ना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। पौड़ी जिले के श्रीनगर क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी स्कॉर्पियो को रोक लिया, जिस पर आगे बड़े अक्षरों में “विधायक” लिखा था और वाहन में अवैध हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि गाड़ी में बैठे युवक बद्रीनाथ की ओर जा रहे थे और उनमें से एक ने खुद को उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ‘मन्नू कोरी’ का बेटा बताया।

Ad Ad


पुलिस के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान शनिवार को श्रीनगर बाजार क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो तेज आवाज में मल्टी टोन हूटर बजाते हुए गुजरती दिखाई दी। वाहन पर “विधायक” का बोर्ड लगा था और शीशों पर काली फिल्म भी चढ़ी हुई थी। पुलिस टीम ने तुरंत वाहन को रुकवाया। जांच के दौरान गाड़ी में चार से पांच युवक सवार मिले। पूछताछ में एक युवक सुरेंद्र कुमार ने खुद को उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ का बेटा बताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने वाहन की जांच की। जब युवकों से पूछा गया कि क्या वाहन में कोई विधायक मौजूद है, तो जवाब ‘नहीं’ में मिला। इस पर पुलिस ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना अधिकृत व्यक्ति के वाहन पर इस तरह का बोर्ड लगाकर चलना नियमों का उल्लंघन है। कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ मल्टी टोन हॉर्न के तहत 1000 रुपये का चालान किया गया। साथ ही वाहन से अवैध हूटर हटवाया गया और शीशों पर लगी काली फिल्म भी उतरवाई गई। पुलिस ने नंबर प्लेट के ऊपर लिखा “विधायक” भी ढकवा दिया।

फोटो : साभार सोशल मीडिया

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पूछताछ में युवक ने कहा कि यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक से बचने के लिए हूटर लगवाया गया था। इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर वीआईपी रौब दिखाना और नियमों के विरुद्ध हूटर का इस्तेमाल करना गलत है। चारधाम यात्रा के दौरान प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है ताकि आम श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
इस मामले के बाद तीन महीने पहले हुई एक सड़क दुर्घटना की भी चर्चा फिर से होने लगी है। जानकारी के अनुसार जनवरी में राज्यमंत्री के दूसरे बेटे नरेश पंथ की फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद परिजनों ने सड़क पर प्रदर्शन भी किया था। हालांकि वर्तमान मामले में पुलिस ने केवल यातायात नियमों के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा मार्ग पर किसी को भी नियम तोड़ने की छूट नहीं दी जाएगी, चाहे वह आम व्यक्ति हो या किसी प्रभावशाली परिवार से जुड़ा हुआ।

Ad Ad