तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार को कुचला, पुलिसकर्मी के 22 वर्षीय बेटे की मौत
जसपुर में तैनात हेड मोहर्रिर के बेटे अभय लोहिया की दड़ियाल रोड पर हादसे में गई जान, परिवार में मचा कोहराम
काशीपुर/उधमसिंह नगर। दड़ियाल रोड पर मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जसपुर कोतवाली में तैनात हेड मोहर्रिर प्रकाश राम लोहिया के 22 वर्षीय बेटे अभय लोहिया की मौत हो गई। अभय अपने दोस्त के साथ हल्द्वानी से जसपुर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम अभय अपने दोस्त के साथ हल्द्वानी से जसपुर के लिए निकला था। रात करीब 11 बजे दड़ियाल रोड पर सामने से आ रहे ट्राले ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अभय की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि हेड मोहर्रिर प्रकाश राम लोहिया अपने परिवार के साथ जसपुर कोतवाली परिसर स्थित कर्मचारी आवास में रहते हैं। वह मूल रूप से मोटा हल्दू, अर्जुनपुर, हल्द्वानी के रहने वाले हैं और करीब दो वर्षों से जसपुर कोतवाली में तैनात हैं।
परिजनों के मुताबिक अभय काशीपुर राजकीय पॉलीटेक्निक में पढ़ाई कर रहा था। वह किसी काम से हल्द्वानी गया था और मंगलवार देर शाम वापस जसपुर लौट रहा था। इसी दौरान दड़ियाल रोड पर यह हादसा हो गया। अभय तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके एक भाई अजय लोहिया और बड़ी बहन रश्मी लोहिया हैं। जवान बेटे की मौत से मां सुशीला देवी, पिता प्रकाश राम लोहिया समेत पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

