चम्पावत में 396 ग्राम चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी बरामद
एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 396 ग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश और क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में एसओजी एवं कोतवाली चम्पावत पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान बनलेख से करीब 200 मीटर पहले टनकपुर-पिथौरागढ़ मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल संख्या UK06BH-2561 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक सवार राम सिंह कैड़ा (45) पुत्र अमर सिंह कैड़ा, निवासी विहिगिधौर, थाना नानकमत्ता, जिला ऊधमसिंहनगर के कब्जे से 396 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में कोतवाली चम्पावत में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल 112 या मानस हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

