उत्तराखंड : घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला अग्निवीर लापता, हिमाचल-दिल्ली में मिली लोकेशन, फिर फोन बंद
देहरादून। अग्निवीर के पिता ने बताया कि 16 जून को वह घर से ड्यूटी पर दर्जिलिंग जाने के लिए निकला था। कुछ दिनों बाद संपर्क करने पर जब उसका मोबाइल फोन बंद मिला तो दार्जिलिंग में उसकी यूनिट से संपर्क किया गया। वहां से बताया गया कि सूरज अभी तक अपनी यूनिट में नहीं पहुंचा है।
टिहरी जनपद के थौलधार ब्लॉक में सांकरी गांव का अग्निवीर सूरज भट्ट (21) ड्यूटी पर दार्जिलिंग जाते समय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश करने पर भी जवान का कहीं कुछ पता नहीं चलने पर परिजनों ने कंडीसौड़ पुलिस थाने में गुशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक जवान का कुछ पता नहीं चल पाया है।

लापता अग्निवीर के पिता सोहन लाल भट्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा सूरज दो साल पहले अग्निवीर में भर्ती हुआ था। इस समय उसकी तैनाती दार्जिलिंग में है। 12 जून को वह ड्यूटी से घर पहुंचा और 16 जून को वह घर से ड्यूटी पर दर्जिलिंग जाने के लिए निकला था। कुछ दिनों बाद संपर्क करने पर जब उसका मोबाइल फोन बंद मिला तो दार्जिलिंग में उसकी यूनिट से संपर्क किया गया। वहां से बताया गया कि सूरज अभी तक अपनी यूनिट में नहीं पहुंचा है। यह जानकारी मिलने के बाद उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिल रहा है।
काफी प्रयासों के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चल पाया तो 27 जून 2026 कंडीसौड़ पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी ने बताया है कि अग्निवीर की गुमशुदगी दर्ज होते ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक-दो बार उसकी लोकेशन हिमाचल और दिल्ली में मिली। लेकिन उसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद मिलने के कारण उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। बावजूद पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है।

