बद्रीनाथ के तप्त कुंड में हादसा, 108 डुबकी के संकल्प के दौरान दो बहनों की मौत
स्नान के दौरान अचानक बेहोश होकर कुंड में गिरीं दोनों महिलाएं, राजस्थान से श्रद्धालुओं के दल के साथ पहुंची थीं बद्रीनाथ
चमोली। बद्रीनाथ धाम में तप्त कुंड में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। 108 डुबकी लगाने के संकल्प के दौरान अचानक बेहोश होकर कुंड में गिरने से राजस्थान निवासी दो सगी बहनों की मौत हो गई। हादसे के बाद तप्त कुंड परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों महिलाओं को तत्काल कुंड से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी 71 वर्षीय रामु देवी पत्नी अमरचंद शर्मा और 73 वर्षीय प्रेम देवी पत्नी मदन शर्मा रिश्ते में बहनें थीं। दोनों महिलाएं राजस्थान से आए 100 से अधिक श्रद्धालुओं के दल के साथ 4 सितंबर से बद्रीनाथ धाम में मौजूद थीं। बताया गया कि श्रद्धालुओं का यह दल बद्रीनाथ धाम में कथा का आयोजन कर रहा था। शुक्रवार को चार महिला श्रद्धालु 108 डुबकी लगाने के संकल्प के साथ तप्त कुंड में स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के दौरान डुबकी लगाते समय रामु देवी और प्रेम देवी अचानक बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। दोनों को कुंड में गिरता देख वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, उनके साथ स्नान कर रही भगवती देवी और सोहनी की हालत सामान्य बताई गई है। बताया गया कि श्रद्धालु प्रतिदिन तप्त कुंड में स्नान करने के बाद भगवान बद्री विशाल के दर्शन करते थे।

