जनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट में आयोजित संग्ज्यू-2024 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी के रोड-शो में उमड़ा जन सैलाब, 162 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया, कहा- मातृ शक्ति है राज्य विकास की रीढ़

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत/लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को मातृ-शक्ति को समर्पित ‘संग्ज्यू-2024‘ कार्यक्रम में जनपद चम्पावत के लोहाघाट पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज से रामलीला मैदान तक विशाल रोड-शो किया। जिसमें हज़ारों पार्टी कार्यकर्ता व लोग शामिल हुए। लोगों ने पुष्प वर्षा कर सीएम का भव्य स्वागत किया। सीएम धामी ने धामी ने रोड-शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

कार्यक्रम के दौरान पहाड़ की संस्कृति की झलक देखने को मिली। जिसमें सांस्कृतिक दलों और छोलिया नृत्य, स्थानीय जनता द्वारा ढोल दमाऊ बजाकर व पारंपरिक परिधानों में सज धज कर महिलाओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। जिसे देख सीएम धामी गदगद हो उठे। इससे पूर्व महिला पुलिस द्वारा सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मातृशक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य पर आधारित कार्यक्रम ‘संग्ज्यू-2024‘ के दौरान महिला पीआरडी, एनसीसी, एनएसएस व नर्सिंग कॉलेज की महिलाओं/बालिकाओं के अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं व स्वयंसेवी संस्थाओं की महिलाओं द्वारा सीएम का स्वागत किया गया। सीएम ने देवी शक्ति स्वरूप 9 कन्याओं का पूजन किया तथा आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।

इस दौरान जनपद चम्पावत के विभिन्न विकास खण्डों में गठित सहकारिताओं एवं समूहों की महिलाओं द्वारा उत्पादित उत्पादों एवं अन्य विभागों एनआरएलएम, पशुपालन, महिला डेयरी, दुग्ध संघ, उद्यान आदि परियोजनाओं के स्टाल लगाए गए थे। इन स्टाल में ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादित स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। सीएम धामी ने वहां लगे स्टाॅलों का निरीक्षण कर महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सीएम ने पहाड़ की पारंपरिक वस्तुओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाइव स्टालों में महिलाओं के साथ ओखली में धान कूटने व रिंगाल की टोकरी बुनने के साथ ही लोहाघाट काली कुमाऊं की प्रसिद्ध हाथ से बनने वाली कढ़ाई व अन्य लोहे के सामान को अपने पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ाते आ रहे उद्दमियों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि वे अपने आमा-बूबू के समय से ही लोहाघाट की कढ़ाइयों का प्रयोग ही नहीं करते बल्कि अपने ईष्ट मित्रों को सौगात के रूप में देते आ रहे हैं। उनका कहना था कि लोहे की कढ़ाई में भोजन बनाने से हमें प्राकृतिक रूप से आयरन मिलने लगता है। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी लोहे की चादर पीट कर कहा कि हमारे ये बुजुर्ग इसी प्रकार पीढ़ी दर पीढ़ी पसीना बहाकर हमें लोहे की कढ़ाई का गजब का स्वाद बनाए हुए हैं।

स्टालों के निरीक्षण के दौरान बाल विकास विभाग के स्टाल में मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटकर बच्चों को केक भी खिलाया। उन्होंने कहा की पहाड़ की विषम परिस्थितियों में भी पहाड़ की महिला हाड़तोड़ मेहनत कर अपनी आजीविका को सुदृण बना अन्य को भी स्वरोजगार उपलब्ध करा रही हैं। सीएम ने सरस्वती शिशु मंदिर में महिलाओं के साथ झोड़ा, चाचरी व होली गायन में प्रतिभाग कर पुरानी यादों को सांझा किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं संग चूख सानकर स्वयं भी खाया तथा अन्य को भी खिलाया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को अधिक बल देने व महिलाओं की भूमिका को और मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार विशेष कार्य कर रही है।

नारी शक्ति को समर्पित संगज्यू-2024 कार्यक्रम अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं का सम्मान किया गया। जिसमें उन्होंने 5 महिलाओं अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, ब्लाक प्रमुख रेखा देवी, नेहा ढेक, विनीता फर्त्याल व सुमनलता को सम्मानित किया। इस अवसर 4 सहकारी समितियों सचिव हरीश चंद्र की बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति लिमिटेड चम्पावत, निर्मल चंद्र भट्ट की धरमघर समिति, डीकर चंद की बाराकोट समिति व श्याम सिंह बिष्ट की रोलमेल समिति को ’प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के लाइसेंस वितरित किए गए। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रधानमन्त्री जनमन योजना अंतर्गत जनपद के ग्राम खिरद्वारी की एक मात्र वनराजी जनजाति के 14 परिवारों को भूमि पट्टे (आवास स्थल) प्रदान किए।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण के लिए चलायी जा रही योजनाओं, कार्यक्रमों, उपलब्धियों और प्रयासों से अवगत कराते हुए नारी शक्ति को इस पर्वतीय राज्य की रीढ़ कहा। कहा कि चाहे उत्तराखण्ड में महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने की बात हो अथवा महिलाओं को उज्ज्वला गैस योजना के लाभ की बात हो सरकार द्वारा किया, ऐसी योजनाओं से आज महिलाएं तेजी से आत्मनिर्भर और सशक्त होकर उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्य बनाने में अपना योगदान दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) को पारित कर जनता से किया वादा उन्होंने पूरा किया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता को देश एवं महिलाओं के विकास में मील का पत्थर कहा। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता किसी जाति, धर्म समुदाय के लिए न होकर पूरे राज्यवासियों के हितों के लिए है। उन्होंने कहा कि मात्र शक्ति को आगे लाने का सपना पीएम का है आज हमारी माताएं बहने आगे बढ़ रही हैं। नए भारत की तस्वीर बनने में महिलाएं सबसे आगे खड़ी हैं व नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वामी विवेकानंद जी की धरती है। वह कहते थे कि महिला एवं पुरुष में कोई लिंग भेद नहीं है। उन्हीं से प्रेरणा लेकर प्रदेश में समान नागरिक संहिता कानून लाए हैं, वह मील का पत्थर साबित होगा। हमने आदर्श समाज का निर्माण करना है। चंद्रमा में चांद पंहुचाने से लेकर विभिन्न खेलों में मात्र शक्ति अपना प्रतिनिधित्व कर रही है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए अनेक कार्य किए हैं। वर्ष में प्रदेश में 1.82 लाख महिलाओं को निःशुल्क रसोई गैस राज्य सरकार दे रही है। प्रधानमंत्री द्वारा श्री राम मंदिर का ऐतिहासिक निर्माण कराया गया। कश्मीर से धारा 370 हटा कर कश्मीर को पूर्ण रूप से भारत का हिस्सा बनाया।

सीएम धामी ने कहा कि चम्पावत जिले को आदर्श जिला बनाने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। यहां के विकास का मॉडल अन्य हिमालयी राज्यों को भी एक संदेश व अनुकरणीय करेगा। अनेक विकास कार्य चम्पावत जिले में किए जा रहे हैं। पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज हमारा राज्य निरंतर विकास के लिए अग्रसर है। अग्रणी जनपद व प्रदेश बन रहा है। इसमें हमारी महिलाओं की अहम भूमिका है। वह श्रेष्ठ चम्पावत व श्रेष्ठ राज्य के लिए अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के ‘विकल्प रहित संकल्प‘ को पूर्ण कर रही है। आज उत्तराखंड को आदर्श बनाने हेतु चम्पावत जिले से शुरुआत की गई है। इस जिले को आदर्श जिला बनाया जा रहा है जो आदर्श उत्तराखंड की ओर ले जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय टम्टा ने कहा कि क्षेत्र को हवाई सेवा से जोड़कर मुख्यमंत्री द्वारा ऐतिहासिक कार्य किया है। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी व जिलाध्यक्ष भाजपा निर्मल महरा ने भी जनता को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, भाजपा महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, शंकर दत्त पांडेय, सतीश पांडेय, जिपं सदस्य विजय बोहरा, जिलाधिकारी नवनीत पांडे, पुलिस अधीक्षक अजय गणपत समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं, जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग व अन्य मौजूद रहे।