खबर का असर: सड़क की बदहाली पर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद मरम्मत कार्य शुरू
टनकपुर/चम्पावत। नगर क्षेत्र की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर चम्पावत खबर द्वारा प्रकाशित खबर का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। सड़क की बदहाल स्थिति और राहगीरों को हो रही परेशानी का मुद्दा चम्पावत खबर ने प्रमुखता से उठाया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहन सिंह पलड़िया को सड़क की स्थिति सुधारने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पीडब्ल्यूडी के लक्ष्मण सिंह सामंत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मरम्मत कार्य शुरू कराया। सड़क पर बने गड्ढों में निर्माण सामग्री डालकर उन्हें भरने का काम किया जा रहा है।

बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही दुर्घटना की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे। चम्पावत खबर में मुद्दा उठने के बाद महज कुछ ही समय में विभागीय कार्रवाई शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है। लोगों ने विभाग से मरम्मत कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा कराने और सड़क की स्थिति को स्थायी रूप से बेहतर बनाने की मांग की है।

