छुट्टी पर घर लौट रहे सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत, कुरूड़ गांव में पसरा मातम
संदीप रात करीब दो बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई, जिसके बाद तलाश शुरू की गई
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के जवान संदीप गौड़ की मौत हो गई। कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर उनकी स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। संदीप छुट्टी लेकर अपने गांव कुरूड़ लौट रहे थे। जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, संदीप गौड़ देर रात लुंतरा की ओर से कार से अपने गांव कुरूड़ लौट रहे थे। रात करीब दो बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उनके भाई पवन समेत ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात का अंधेरा, बारिश और खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त कार का पता नहीं चल सका। परिजन पूरी रात संदीप की तलाश करते रहे।
गुरुवार सुबह सड़क से नीचे एक कार की नंबर प्लेट दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीण खाई में उतरे तो वहां संदीप की कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी मिली। हादसे की सूचना तत्काल पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई।
सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से खाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार के पास से संदीप का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे। वह करीब आठ वर्षों से सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। संदीप के परिवार में पत्नी और करीब एक वर्ष का छोटा बच्चा है। जवान की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रारंभिक जानकारी में देर रात का समय, बारिश और सड़क पर फिसलन को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। संदीप के निधन की खबर से कुरूड़ गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने जवान को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

