चम्पावत के पर्वतीय क्षेत्रों में आज 7 घंटे ठप रहेगी बिजली
लोहाघाट/चम्पावत: लोहाघाट के डेंसली में नवनिर्मित 132 केवी विद्युत सब स्टेशन को सुचारू करने की दिशा में ऊर्जा निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आज यानी मंगलवार को सब स्टेशन से नई विद्युत लाइनों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इस तकनीकी कार्य के चलते चम्पावत जिले के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में दिनभर बिजली गुल रहेगी। विद्युत विभाग के अभियंता अशोक कुंवर के मुताबिक आज सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक बिजली की कटौती निर्धारित की गई है। विद्युत कटौती का मुख्य प्रभाव निम्नलिखित लोहाघाट के साथ ही चम्पावत, पाटी और बाराकोट क्षेत्र में रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के मैदानी क्षेत्रों, विशेषकर टनकपुर और बनबसा में विद्युत आपूर्ति सामान्य रहेगी और वहां कोई कटौती नहीं की जाएगी। अभियंता अशोक कुंवर ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से इस सुधार कार्य के दौरान धैर्य बनाए रखने और विभाग का सहयोग करने की अपील की है। डेंसली सब स्टेशन के पूरी तरह सक्रिय होने से आने वाले समय में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

