रुद्रपुर में वाल्मीकि समाज का उग्र प्रदर्शन, कोतवाली का किया घेराव; भाजपा नेता और भाई की गिरफ्तारी की मांग
रुद्रपुर। भाजपा नेता और उनके भाई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रुद्रपुर में वाल्मीकि समाज का विरोध प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। दोपहर दो बजे तक गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़ी संख्या में समाज के लोग कोतवाली पहुंच गए और सड़क जाम करने की तैयारी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग नगर निगम परिसर में एकत्र हुए और सफाई कार्य का बहिष्कार करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी संख्या रही। प्रदर्शनकारियों ने नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

स्कूटी टक्कर के विवाद में मारपीट का आरोप
मामला रविवार 9 अगस्त को स्कूटी को टक्कर लगने के बाद हुए विवाद से जुड़ा है। वाल्मीकि समाज की ओर से आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ और उनके भाई सन्नी चुघ ने डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया, जिसमें तीन लोग घायल हुए। घायलों का उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।

हाईवे पर लगाया जाम
गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज प्रदर्शनकारी बाद में रामपुर-हल्द्वानी हाईवे पर पहुंच गए और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली, पंतनगर और दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क से हटाया और यातायात सुचारू कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वापस नगर निगम परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रभारी सीओ अखिलेश कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता जारी रही।
दो बजे तक गिरफ्तारी का दिया था समय
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों के मुताबिक, पुलिस-प्रशासन ने दोपहर दो बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी का समय मांगा था। समय बीतने के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गए और घेराव के साथ सड़क जाम करने की तैयारी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोनों नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
नेताओं ने भी की पीड़ित परिवार से मुलाकात
इस मामले में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का आश्वासन दिया था। वहीं रुद्रपुर विधायक शिव सिंह अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार चल रही है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी हो, कानून अपना काम करेगा और सरकार किसी को संरक्षण नहीं देगी।
फिलहाल रुद्रपुर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने की है।

