चंपावतटनकपुरनवीनतम

फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन, मंदिर समिति ने किया भव्य स्वागत

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म अभिनेता एवं हास्य कलाकार राजपाल यादव ने गुरुवार को उत्तराखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां पूर्णागिरि धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। अभिनेता के अचानक धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका अभिवादन किया।

राजपाल यादव गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे मां पूर्णागिरि धाम पहुंचे। यहां पूर्णागिरि मंदिर के पुजारी पंडित मुकेश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनकी विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। अभिनेता करीब 15 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे और माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Ad Ad

पूजा-अर्चना के उपरांत पूर्णागिरि मंदिर समिति की ओर से अभिनेता का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी, ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें तिलक लगाया, देवी की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा मां पूर्णागिरि का चित्र और प्रसाद भेंट किया।

इस अवसर पर राजपाल यादव ने मां पूर्णागिरि के दर्शन को अपने जीवन का सौभाग्य बताते हुए कहा कि यह देवी धाम अध्यात्म की अलौकिक खुशबू बिखेर रहा है। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक स्थल केवल आस्था का प्रमुख केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मंदिर परिसर की आध्यात्मिक ऊर्जा और प्राकृतिक सौंदर्य की भी सराहना की।

अभिनेता के धाम पहुंचने की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से फैल गई, जिसके बाद भैरव मंदिर क्षेत्र और आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने राजपाल यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं। अभिनेता ने भी अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का स्नेहपूर्वक अभिवादन किया।

इस दौरान पूर्णागिरि धाम के पंडित चंद्रशेखर पांडेय, मनोज पांडेय, पंकज पांडेय, डॉ. हरीश पांडेय, मनोज तिवारी, बिशन दत्त भट्ट सहित मंदिर समिति के अनेक पदाधिकारी एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

राजपाल यादव के मां पूर्णागिरि धाम आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे धाम के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया और अभिनेता के आध्यात्मिक जुड़ाव की सराहना की।