चम्पावत समेत उत्तराखंड के 6 जिलों के सभी स्कूलों में 10 जुलाई को अवकाश घोषित
उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए देहरादून, बागेश्वर , नैनीताल, चमोली, चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित जिला प्रशासनों ने 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। जी हां… देहरादून, बागेश्वर , नैनीताल, चमोली , चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल जिलों में शुक्रवार 10 जुलाई को 12वीं तक संचालित सभी शासकीय अर्द्धशासकीय एवं निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जारी आदेशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर , नैनीताल, चमोली , चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने और नदियों, नालों तथा गदेरों में अचानक जलस्तर बढ़ने की भी आशंका जताई गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार देहरादून, बागेश्वर , नैनीताल, चमोली , चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल जिलों के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में 10 जुलाई को अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।


