पूर्व विधायक का बयान चर्चा में, बोले- ‘मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे’
संजय गुप्ता ने कहा कि पहले क्षेत्र में करीब 20 फीट की गहराई पर गंदा पानी निकलता था, लेकिन उनके प्रयासों से लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया गया
लक्सर। हरिद्वार के लक्सर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी समेत कई भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए पानी की टंकियों का निर्माण कराया और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया।

अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए संजय गुप्ता ने कहा कि पहले क्षेत्र में करीब 20 फीट की गहराई पर गंदा पानी निकलता था, लेकिन उनके प्रयासों से लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया गया। इसी दौरान मतदाताओं से जुड़ी बात करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में एक टिप्पणी कर दी।
उन्होंने कहा, “मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे।” पूर्व विधायक का यह बयान सामने आने के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
कार्यक्रम के दौरान संजय गुप्ता ने अपने राजनीतिक कार्यकाल और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई विकास कार्य कराए गए।
जन्मदिन समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी समेत कई भाजपा नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पूर्व विधायक संजय गुप्ता के बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनके इस बयान के अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
हालांकि, संजय गुप्ता ने यह टिप्पणी किस संदर्भ में की, इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल उनका बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

