टनकपुर यार्ड में रेल पटरी चोरी करते चार आरोपी गिरफ्तार, ई-रिक्शा में लादकर ले जा रहे थे पटरी के टुकड़े
आरपीएफ ने दो रेल लाइन के कटे टुकड़े और ई-रिक्शा किया बरामद, करीब 5,500 रुपये की रेल संपत्ति बताई गई
टनकपुर/चम्पावत। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट टनकपुर ने ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत रेल संपत्ति चोरी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टनकपुर यार्ड से रेल लाइन के दो कटे हुए टुकड़े ई-रिक्शा में लादकर ले जा रहे थे। आरपीएफ ने उनके कब्जे से रेल पटरी के दोनों टुकड़े और ई-रिक्शा बरामद किया है। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 5,500 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की रात गश्त के दौरान जवानों को टनकपुर यार्ड में लाइन नंबर-12 के पास एक ई-रिक्शा में चार लोग बैठे दिखाई दिए। ई-रिक्शा में रेल लाइन के टुकड़े लदे होने पर आरपीएफ जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान रेल लाइन के दो टुकड़े चोरी कर ले जाने की बात सामने आने पर आरपीएफ ने चारों को मौके से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान 179 सेंटीमीटर और 187 सेंटीमीटर लंबे रेल लाइन के दो टुकड़े बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू उर्फ भूरा (29), प्रियांशु गिरी उर्फ बिट्टू (22), अयान (25) और साजिद (30) के रूप में हुई है। चारों टनकपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरपीएफ ने मामले में मु0अ0सं0 03/2026, धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में आरपीएफ/टनकपुर के निरीक्षक रणदीप कुमार, कांस्टेबल गोपाल सिंह, कांस्टेबल मंदीप और कांस्टेबल अनुराग सिंह राना शामिल रहे। आरपीएफ ने चारों आरोपियों को टनकपुर यार्ड स्थित लाइन नंबर-12 के पास ई-रिक्शा समेत गिरफ्तार किया।

