चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमशिक्षा

चम्पावत के चार विद्यालयों का होगा उच्चीकरण, स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे शिक्षा के अवसर

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शासन की ओर से प्रदेश के 7 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों को हाईस्कूल और 35 राजकीय हाईस्कूलों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने की मंजूरी दी गई है। इस निर्णय से चम्पावत जिले के भी चार विद्यालय लाभान्वित होंगे। जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धासम को हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत किया गया है। वहीं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सल्ली, पल्सो और डूंगरालेटी को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने की स्वीकृति मिली है।

चार विद्यालयों में बढ़ेंगी शैक्षिक सुविधाएं

विद्यालयों के उच्चीकरण के साथ आवश्यक शिक्षकीय एवं प्रशासनिक पद भी सृजित किए गए हैं। शासनादेश के अनुसार प्रदेश के 7 जूनियर हाईस्कूलों को हाईस्कूल में उच्चीकृत करने के लिए प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों समेत कुल 63 पद सृजित किए गए हैं। इसी तरह 35 हाईस्कूलों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने के लिए प्रधानाचार्य और प्रवक्ता संवर्ग के कुल 385 पद सृजित किए गए हैं। इससे उच्चीकृत विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

Ad Ad

ग्रामीण विद्यार्थियों को सबसे बड़ा फायदा

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि विद्यालयों के उच्चीकरण से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। अब विद्यार्थियों को कक्षा आठ के बाद हाईस्कूल और हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के विद्यालयों का रुख कम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों के समय और संसाधनों की बचत होगी और अभिभावकों पर अतिरिक्त आवागमन का आर्थिक बोझ भी कम होगा। स्थानीय स्तर पर शिक्षा की निरंतरता बनी रहने से विद्यार्थियों के पढ़ाई छोड़ने यानी ड्रॉपआउट की संभावना को कम करने में भी मदद मिलेगी। डीएम ने कहा कि धासम सहित जिले के चार विद्यालयों का उच्चीकरण चम्पावत में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आवश्यक पदों के सृजन से शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है।

नियुक्तियों और समायोजन की भी व्यवस्था

शासनादेश में उच्चीकृत विद्यालयों में सृजित पदों के सापेक्ष नियुक्तियां निर्धारित सेवा नियमों और प्रक्रिया के तहत किए जाने का प्रावधान किया गया है। उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूलों में पूर्व से सृजित पदों के आवश्यक समायोजन की व्यवस्था भी की गई है।

वहीं हाईस्कूल से इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापकों के समायोजन के साथ पूर्व से सृजित वरिष्ठ सहायक और चतुर्थ श्रेणी के पदों के समायोजन का भी प्रावधान किया गया है।

चार विद्यालयों के उच्चीकरण से खासकर लोहाघाट क्षेत्र के ग्रामीण विद्यार्थियों को अपने गांव और आसपास के क्षेत्र में ही आगे की शिक्षा जारी रखने का अवसर मिलेगा। इससे चम्पावत के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच और निरंतरता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।