चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तल्लादेश की तामली ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना, ₹14.57 करोड़ से दूर होगी पेयजल समस्या

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। सीमांत तल्लादेश क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के क्रम में स्वीकृत ₹14.57 करोड़ (1457.21 लाख रुपये) की लागत वाली तामली ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण कार्य शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत भूमि पूजन के साथ शुरू हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरुप सहित जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने पूजा-अर्चना कर योजना के सफल एवं समयबद्ध निर्माण की कामना की।

पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरुप ने बताया कि योजना के तहत आधुनिक पंपिंग तकनीक के माध्यम से जलस्रोत से पानी उठाकर ओवरहेड टैंक एवं वितरण प्रणाली के जरिए तामली क्षेत्र के लाभार्थी गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा। योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को वर्षभर पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा।

Ad Ad

दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस योजना को स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही महिलाओं और बच्चों को पानी लाने में होने वाली कठिनाइयों से भी मुक्ति मिलेगी।

दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। तामली क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने संबंधित विभागों से निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना शुरू होने से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने पर लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह बोहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता दलीप सिंह महर, गणेश जोशी, देवेंद्र जोशी, कैलाश बोहरा, अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।