अंडर-19 हैंडबॉल में चम्पावत की बेटियों ने रचा इतिहास, ऊधमसिंह नगर को 13-8 से हराकर बनीं राज्य चैंपियन
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ में शानदार प्रदर्शन, फाइनल में चम्पावत की टीम ने दर्ज की दमदार जीत
चम्पावत। राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ के तहत आयोजित अंडर-19 बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में चम्पावत की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। देहरादून में खेले गए फाइनल मुकाबले में चम्पावत की टीम ने ऊधमसिंह नगर को 13-8 गोल से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

खेल विभाग के हैंडबॉल कोच महेश चुफाल के नेतृत्व में उतरी चम्पावत की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतर खेल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल के साथ खेलते हुए ऊधमसिंह नगर की टीम को 13-8 से पराजित किया।
विजेता टीम में आंचल गोस्वामी, प्रियंका खोलिया, सोन्या वर्मा, प्रियांशी, रिया, गरिमा बिष्ट, यशवनी, अक्षिता वर्मा, संगीता और निधि नारायण शामिल रहीं। चम्पावत की बालिका खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। राज्य स्तर पर मिली इस सफलता को जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राज्य चैंपियन बनी पूरी टीम, कोच और खेल विभाग को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि चम्पावत की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से राज्य स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रोत्साहन देने की बात कही।

