कलश यात्रा और गुप्त प्योला उठने के साथ वायुरथ महोत्सव का भव्य आगाज
लोहाघाट/चम्पावत। सुंई-बिशंग क्षेत्र में आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति के अनूठे संगम आषाढ़ी वायुरथ महोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने फीता काटकर किया। शुभारंभ अवसर पर महिलाओं ने भगवती मंदिर से आदित्य महादेव मंदिर तक गुप्त प्योला के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा क्षेत्र धार्मिक जयकारों से गूंज उठा।
उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने कहा कि वायुरथ महोत्सव सुंई-बिशंग क्षेत्र के गांवों की आपसी एकता, धार्मिक आस्था और समृद्ध लोक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की चार द्योली के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था पीढ़ियों से कायम है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मेला समिति और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

रक्षाबंधन पर बिना रस्सों के दौड़ेगा मां भगवती का रथ
वायुरथ महोत्सव का मुख्य आकर्षण रक्षाबंधन के दिन होने वाली मां भगवती की ऐतिहासिक रथ यात्रा होगी। धार्मिक मान्यता और सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार मां भगवती के रथ को बिना रस्सों के सहारे पांच गांव सुंई और बीस गांव बिशंग क्षेत्र की परिक्रमा कराई जाएगी। इस अनूठी रथ यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। रविवार को पऊ गांव से मस्टा एवं मंडली के आयुध देव डांगरों द्वारा आदित्य महादेव मंदिर पहुंचाए गए। मंदिर में मां भगवती के खाली रथ की परिक्रमा कराई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयकारे लगाए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देर शाम तक चले कार्यक्रमों में लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। दर्शकों ने कलाकारों और बच्चों की प्रस्तुतियों का जमकर आनंद उठाया। मेला कमेटी के संरक्षक सचिन जोशी, अध्यक्ष श्याम चौबे और भुवन चौबे ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन गौरव पांडेय ने किया। महोत्सव के तहत सोमवार को विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर कैलाश पांडेय, महेश पांडेय, योगेश ओली, त्रिभुवन चंद्र तिवारी, प्रेम चौबे, हयात सिंह माहरा, हर सिंह बिष्ट, बृजेश माहरा, नीरज करायत, नितिन मुरारी, सुनील चौबे, मयंक ओली, पंकज पुजारी, डॉ. महेश ढेक, प्रकाश खर्कवाल और मदन पुजारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

