फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत; परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाए लापरवाही के आरोप
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दिनेशपुर फ्लाईओवर के पास हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गदरपुर क्षेत्र के नंदपुर निवासी 23 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र कल्याण सिंह बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे बाइक से अपने घर से निकला था। बताया जा रहा है कि दिनेशपुर फ्लाईओवर के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा होते देख मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। परिजनों के अनुसार जितेंद्र परिवार का इकलौता बेटा था और प्रेमनगर कुटिया के पास स्थित अनहद इंडस्ट्रीज में काम करता था।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचाए जाने के समय जितेंद्र के शरीर से अधिक रक्तस्राव नहीं हो रहा था, लेकिन इलाज के दौरान अचानक उसका तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। जितेंद्र की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। इसी को लेकर उन्होंने पीएमएस का घेराव कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

