नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

धारचूला में भारी बारिश का कहर, बोल्डर गिरने से BRO का कुलागाड़ वैली ब्रिज ध्वस्त

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक जारी भारी बारिश के बीच पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। मंगलवार रात मूसलाधार बारिश के दौरान पहाड़ी से टूटकर आया विशाल बोल्डर BRO के कुलागाड़ वैली ब्रिज पर जा गिरा। हादसे में पुल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर काली नदी में समा गया।

पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। यह पुल व्यास, दारमा और चौदास घाटियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। पुल टूटने से तीनों घाटियों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। इसका असर स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीमांत क्षेत्र में तैनात सुरक्षाबलों की आवाजाही पर भी पड़ रहा है।

Ad Ad

मार्ग जल्द बहाल नहीं हुआ तो घाटियों में दैनिक जरूरत की वस्तुओं और आवश्यक सामग्री की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। धार्मिक आयोजनों और पूजा-अनुष्ठानों के लिए आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।

वहीं, धारचूला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ मकानों पर मलबा गिरने से तीन लोगों की मौत की सूचना है। लगातार बारिश से सीमांत क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

भारी बारिश और मार्ग बाधित होने का असर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर भी पड़ने की आशंका है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के सामने अब सड़क संपर्क जल्द बहाल करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने की चुनौती है।