उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

प्रेमी को ट्रक समेत जलाकर मार डाला! शादीशुदा महिला गिरफ्तार; एक महीने बाद हुआ हत्याकांड का खुलासा

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक शादीशुदा महिला ने अपने प्रेमी की हत्या कर उसके शव को ट्रक के केबिन में रखकर जला दिया। करीब एक महीने बाद पुलिस जांच में मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के बड़ा बौसेना गांव निवासी बलविंदर सिंह ट्रक चालक था। 10 जुलाई को वह सामान लेकर रुद्रपुर होते हुए नेपाल बॉर्डर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीलीभीत हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के आगे ट्रक के केबिन से उसका जला हुआ शव बरामद हुआ। शुरुआत में पुलिस ने घटना को सड़क हादसा माना था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धुएं से दम घुटने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक के परिजनों ने घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो ट्रक करीब तीन घंटे तक निर्धारित मार्ग से गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Ad Ad

तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

जांच के दौरान पुलिस को रुद्रपुर निवासी अमनदीप कौर पर शक हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमनदीप ने बलविंदर के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि महिला बलविंदर से छुटकारा पाना चाहती थी और इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, अमनदीप ने बलविंदर पर लोहे की रॉड से हमला किया और इसके बाद शव को ट्रक के केबिन में रखकर आग लगा दी। पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद कर ली है।

अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का दावा

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि बलविंदर के पास अमनदीप की कथित अश्लील फोटो और वीडियो थे। पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में आरोप लगाया कि बलविंदर इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान करता था। इसी से छुटकारा पाने के लिए उसने हत्या को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य संभावित पहलुओं और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।