नहर में पलटी होंडा सिटी कार, डिग्गी खोलते ही ठनका पुलिस का माथा…
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत जसपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नादेही क्षेत्र में नहर में पलटी एक होंडा सिटी कार से भारी मात्रा में अवैध खैर की लकड़ी बरामद की है। बरामद लकड़ी की संख्या 46 पीस बताई जा रही है। जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। वहीं पकड़ी गई लकड़ी की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अपराध रुद्रपुर, पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के निर्देशन में चौकी नादेही प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष देवरानी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि पूरनपुर गूलरगोजी नहर में एक कार पलटी हुई पड़ी है और उसमें संदिग्ध सामान भरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि होंडा सिटी कार नहर में पलटी हुई पड़ी थी।
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार के अंदर से 46 पीस अवैध खैर की लकड़ियां बरामद हुईं। इतनी बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चालक देर रात तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद चालक पुलिस कार्रवाई के डर से मौके पर वाहन और लकड़ियां छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बरामद वाहन और खैर की लकड़ी को कब्जे में लेकर कोतवाली जसपुर में भारतीय वन अधिनियम की धारा में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से कार नहर में जा गिरी। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि वाहन में अवैध खैर की लकड़ी ले जाई जा रही थी और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही वाहन स्वामी की पहचान भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध खनन, वन तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, इस बरामदगी के बाद क्षेत्र में वन तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

