उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमहादसा

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बैंक के असिस्टेंट मैनेजर की मौत

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के असिस्टेंट मैनेजर अरुण पंवार की मौत हो गई। हादसा बिहारीगढ़ क्षेत्र में पेंचो रेस्टोरेंट के सामने हुआ, जहां उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, विकासनगर निवासी अरुण पंवार बाइक से सहारनपुर की ओर से देहरादून जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बिहारीगढ़ के पास अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक व्यक्ति अपनी कार से घायल अरुण को फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Ad Ad

अरुण पंवार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही उनका तबादला गोवा के पणजी से देहरादून किया गया था। इसके बाद वह विकासनगर स्थित बैंक शाखा में कार्यरत थे। शनिवार को बैंक अवकाश होने के कारण वह निजी काम से बिहारीगढ़ क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में बाइक के डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं बाइक किसी अन्य वाहन की चपेट में तो नहीं आई थी या सड़क पर फिसलने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित जानकारी और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

मुरादाबाद का रहने वाला था अरुण

अरुण पंवार मूल रूप से मुरादाबाद की न्यू कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके पिता मुरादाबाद में पीएसी में तैनात हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजन मुरादाबाद से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। सीओ बेहट प्रिया यादव के अनुसार, परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिवार के पहुंचने के बाद शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।