चम्पावत में भीषण हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद कैंटर की चपेट में आए होटल कारोबारी देव सिंह रावत, मौत
दो साल पहले पत्नी का हुआ था निधन, अब हादसे ने छीना पिता का साया; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
चम्पावत। जिला मुख्यालय में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में होटल कारोबारी देव सिंह रावत ‘देवा’ की मौत हो गई। लोहाघाट रोड पर मादली में टाटा मोटर्स के पास दो बाइकों की भिड़ंत के बाद एक बाइक सवार सड़क पर गिरकर पास से गुजर रहे कैंटर की चपेट में आ गया। हादसे में देव सिंह रावत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही व्यापारियों, परिचितों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि हादसे में देव सिंह के साथ बाइक सवार को मामूली चोट आई है। वहीं दूसरी बाइक सवार भी हादसे में गंभीर रूप से चोटिल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे मादली क्षेत्र में दो बाइक सवारों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और इसी दौरान वहां से गुजर रहे कैंटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि देव सिंह रावत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

गौरल चौड़ रोड पर चलाते थे होटल
देव सिंह रावत चम्पावत में गौरल चौड़ रोड पर टीआरसी पार्किंग के समीप ‘मास्टर शेफ’ नाम से होटल चलाते थे। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से जिले के सल्ली क्षेत्र के रहने वाले थे और इन दिनों माउंट कार्मल स्कूल के पास रह रहे थे। वह पहले मुंबई में शेफ के रूप में काम करते थे। पत्नी के निधन के बाद कुछ समय पहले चम्पावत लौटे थे और यहां अपना होटल शुरू किया था।

दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे ने देव सिंह रावत के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया गया है कि उनकी पत्नी का करीब दो वर्ष पहले निधन हो गया था। अब देव सिंह रावत की भी सड़क हादसे में मौत होने से उनके दो छोटे बच्चे माता-पिता दोनों के स्नेह से वंचित हो गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना में शामिल वाहनों और हादसे के कारणों को लेकर आवश्यक जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की जरूरत को रेखांकित किया है।

