लोहाघाट में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर घायल; जेई हल्द्वानी रेफर
पॉलीटेक्निक के पास शुक्रवार शाम हुआ हादसा, ओवरस्पीड पर अंकुश लगाने की उठी मांग
लोहाघाट/चम्पावत। नगर के राजकीय पॉलीटेक्निक के पास शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार हादसे में टनकपुर के ककराली गेट निवासी शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर तैनात हैं। गंभीर चोटों के चलते उन्हें चम्पावत जिला चिकित्सालय से हल्द्वानी रेफर किया गया है। वहीं, दुर्घटना में कलीगांव निवासी मयांक और लोहाघाट ट्रेजरी के पास रहने वाले हिमांशु भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद चम्पावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।

घायलों को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉ. नरेंद्र और डॉ. मानसी ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार में वार्ड बॉय दीपक बिष्ट, भास्कर गरकोटी, संदीप वर्मा और नर्सिंग अधिकारी बबीता ने सहयोग किया। घटना की सूचना मिलने पर चीता पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

