उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि बढ़ी, अब मिलेंगे ₹75 हजार; उत्तराखंड की 13 महिलाओं को मिला सम्मान

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर देहरादून में राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों की 13 महिलाओं को तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार और 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि को 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया था। अब इसे बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जा रहा है। इसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार की राशि भी 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति और कर्मठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान प्रदेश की अन्य मातृशक्ति को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

इन्हें मिला तीलू रौतेली पुरस्कार…

अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल, बागेश्वर की दया दानू, चमोली की नंदा सती, चंपावत की रितीका बगौली, देहरादून की नीतू रानी, हरिद्वार की वैशाली शर्मा, नैनीताल की लतिका, पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पंत थपलियाल, पिथौरागढ़ की कलावती देवी व निशा पुनेठा, रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी, टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल, उधम सिंह नगर की पुष्पा देवी व उत्तरकाशी की स्वतंत्री बधानी को तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इन्हें मिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार…

अल्मोड़ा की सुनीता टम्टा, हेमा मेर, बबीता अधिकारी, सीमा देवी, बागेश्वर की आनंदी देवी, चमोली की शकुंतला बिष्ट, गीता चंद्रा, रत्ना बिष्ट, चंपावत की तुलसी देवी, देहरादून की रश्मि पंत, पूनम शाही, लक्ष्मी पंत, हरिद्वार की अनिता बर्मन, स्नेहलता, उमा रानी, फरहाना परवीन, नैनीताल की लीला, हंसा देवी, निर्मला टम्टा, पौड़ी गढ़वाल की संगीता देवी, माधुरी देवी, दर्शनी देवी, रेनू देवी, तुलसी, पिथौरागढ़ से सुनीता बेसड़ा, गंगा कार्की, रुद्रप्रयाग से सरस्वती देवी, टिहरी से सुषमा देवी, रोशनी देवी, पूनम देवी, उधमसिंह नगर से गुरप्रीत कौर, राधा बिष्ट, शकुंतला पाल, उत्तरकाशी से रेखा, रेखा जोशी को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी बढ़ी सम्मान राशि

समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार की सम्मान राशि भी बढ़ाने की घोषणा की। अब यह राशि 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी। समारोह में प्रदेश की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार आगे भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी।