क्राइमनवीनतमनैनीताल

पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर कर दी हत्या, आरोपी पति फरार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है।

पुलिस के अनुसार, तल्ला ओखलकांडा निवासी 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू 21 अगस्त की रात मजदूरी करने के बाद शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भीम सिंह ने पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। गंभीर चोट लगने के कारण डिंकी देवी की मौत हो गई।

Ad Ad

घटना का खुलासा तब हुआ, जब दंपती के बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां सुबह से उठ नहीं रही है। इसके बाद पड़ोसियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

22 अगस्त को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा के अनुसार, पति द्वारा पत्नी की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी की तलाश के लिए पंपलेट तैयार कर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, भीम सिंह मजदूरी करता था और शराब का आदी बताया जाता है। वह दो भाइयों में छोटा है। उसका बड़ा भाई सोनू दिल्ली में निजी नौकरी करता है। दोनों भाइयों के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था और उनका पालन-पोषण उनके मामा ने किया था। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। चार छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।