चम्पावत में बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत, UPCL एमडी ने विकास कार्यों की समीक्षा की
पूर्णागिरि मार्ग पर 30 अक्टूबर तक पूरी होगी स्ट्रीट लाइट परियोजना
अमोड़ी और ललुवापानी में बनेंगे नए विद्युत उपकेंद्र, चम्पावत में बिजली परियोजनाओं की हुई समीक्षा
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सीमांत क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और विद्युत आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने शनिवार को कुमाऊं क्षेत्र का दौरा कर विद्युत व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी और चम्पावत में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
दौरे के पहले चरण में हल्द्वानी में आयोजित बैठक में कुमाऊं क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता सुविधाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।


इसके बाद चम्पावत में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले की विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में अमोड़ी और ललुवापानी में प्रस्तावित नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट परियोजना, दूरस्थ तोकों के विद्युतीकरण तथा चम्पावत मुख्य बाजार में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
दौरे के दौरान प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार से भी मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी ने अमोड़ी और ललुवापानी में प्रस्तावित दोनों विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में प्रबंध निदेशक ने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट परियोजना को 30 अक्टूबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, आनंद अधिकारी और चंदन बोहरा सहित कई ने अपने सुझाव रखे। वहीं, विभाग की ओर से कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) एस.के. टम्टा, मुख्य अभियंता एन.एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता विजय सकारिया समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

