हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, जल जीवन मिशन के निर्माण कार्य के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
चम्पावत/पाटी। चम्पावत जिले के पाटी विकासखंड के जौलाड़ी गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी पर कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सरिया सीधा करते समय एक मजदूर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेपाल के महेंद्रनगर निवासी गजेन्द्र विक्की (20 वर्ष) पुत्र गोपी विक्की जौलाड़ी गांव में पानी की टंकी निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार को वह सरिया सीधा कर रहा था। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से टकरा गई, जिससे करंट फैल गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी मजदूरों ने तत्काल गजेन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पाटी पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रमेश चंद्र बेलवाल ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य जल जीवन मिशन के तहत किया जा रहा था। हादसे के बाद निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्माण कार्य कराते समय आवश्यक सुरक्षा उपाय और विद्युत सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन किया जाना चाहिए था, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

