चम्पावत : बालेश्वर वार्ड में स्मार्ट मीटर का विरोध, सोमवार को विद्युत विभाग को सौंपा जाएगा ज्ञापन
चम्पावत। जिला मुख्यालय स्थित बालेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रविवार को स्मार्ट मीटर लगाए जाने के मुद्दे को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बालेश्वर वार्ड के बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और स्मार्ट मीटर योजना पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि बालेश्वर वार्ड के निवासी स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करेंगे। इस दौरान वक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी विभिन्न चिंताओं और आशंकाओं को सामने रखते हुए कहा कि इन मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सोमवार, 13 जुलाई 2026 को बालेश्वर वार्ड के नागरिक सामूहिक रूप से विद्युत विभाग पहुंचकर उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से स्मार्ट मीटर से संबंधित अपनी मांगों, आपत्तियों और सुझावों से विभाग को अवगत कराया जाएगा। बैठक के अंत में क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि सभी लोग शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि उनकी चिंताओं पर गंभीरता से विचार किया जा सके।

